बिहार में एक ही दिन में 6 नए मामले, Covid-19 पॉजिटिव की 21 हुई संख्या

बिहार में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को राज्य में एक ही दिन में छह कोविड-19 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके साथ ही बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। आज जिन छह लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसमें सबसे ज्यादा चार सीवान, एक गोपालगंज और एक गया से है।


सीवान के जिन चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, वे सभी खाड़ी देशों से लौटे हैं। ये जिले के बड़हरिया के दो, हसनपुरा और दरौली प्रखंड के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। चारों 22 मार्च को खाड़ी देश भारत आए थे। दो लोग मुंबई तो दो लोग दिल्ली एयरपोर्ट उतरे थे। इसके बाद सभी सीवान के लिए रवाना हो गए। चारों भारत में आबूधाबी, मस्कट, शारजाह और बहरीन से लौटे हैं।



बताया जा रहा कि इन चारों के परिवार में 8 से 10 लोग है, जिन्हें जिला प्रशासन ने आइसोलेशन केन्द्र में रखने की तैयारी अंदर ही अंदर शुरू कर दी है। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि चारों को कंधवारा आइसोलेशन केंद्र में रखा जाएगा।


राज्य के 21 कोरोना संक्रमितों में से पटना और सीवान के पांच व मुंगेर के चार मरीज शामिल हैं। इसके अलावा नालंदा, लखीसराय, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, गोपालगंज और गया के एक-एक मरीज शामिल हैं।